शाहजहांपुर।9 अक्टूबर को होगा शाहजहांपुर ओसीएफ के सुप्रसिद्ध श्री रामलीला मेला एवं प्रदर्शनी का शुभारंभ

9 अक्टूबर को होगा शाहजहांपुर ओसीएफ के सुप्रसिद्ध श्री रामलीला मेला एवं प्रदर्शनी का शुभारंभ

 

ओसीएफ महाप्रबंधक श्रीकांत एस० डोईफोडे ने प्रेस वार्ता के दौरान गिनाई मेले की उपलब्धियां

शाहजहांपुर। गंगा जमुनी विरासत को संजोए रखने के लिए सुप्रसिद्ध आयुध वस्त्र निर्माणी द्वारा हर वर्ष आयोजित किए जाने वाले 59 वें श्री रामलीला मेले एवं प्रदर्शनी का शुभारंभ इस बार आगामी 9 अक्टूबर को होने जा रहा है उक्त जानकारी आयुध निर्माणी महाप्रबंधक श्रीकांत एस० डोईफोडे ने आयोजित प्रेस वार्ता में उपलब्ध कराई इस दौरान उन्होंने मेले में किए जाने वाले आयोजनों जनता की सुरक्षा इत्यादि विषयों पर भी विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई। महाप्रबंधक श्रीकांत एस० डोईफोडे ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान बताया कि यह एक ऐसा अनोखा मेला है जिसमें मेले होने वाली रामलीला में सभी धर्मों के लोग मंचन करके गंगा जमुनी तहजीब की झलक दिखाते है उन्होंने बताया कि इस बार 9 अक्टूबर को इस 59 वें पारम्परिक उत्सव का विधिवत् उदघाटन 09 अक्टूबर 2026 को सायं 07:00 बजे किया जाएगा।

आयोजन को विधिवत सम्पन्न करने के लिए मुख्य महा प्रबन्धक श्रीकांत एस० डोईफोडे मुख्य संरक्षक, एसएसओ एम०शिव शंकर -संरक्षक, अपर महा प्रबन्धक एस ० एस ० मीणा अध्यक्ष, उप महा प्रबन्धक ऋषि बाबू महासचिव, क० का० प्र० मदन मोहन त्रिपाठी अपर महासचिव बलवीर सिंह-सचिव नामित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त केन्द्रीय परामर्श समिति, केन्द्रीय आयोजन समिति के साथ-साथ, जेसीएम कार्यसमिति, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों को शामिल करते हुए विभिन्न उप समितियों का गठन किया गया है। सूचना एवं प्रचार समिति के लिए उप महाप्रबन्धक, एच०एल० कुमावत अध्यक्ष, क०का०प्र०. विनीत कुमार श्रीवास्तव एवं राज कमल शर्मा-सचिव राजेश कुमार कचन गोविन्द कृष्ण बाजपेयी मुकेश कुमार, गोपाल कृष्ण, राहुल, सदस्य के रूप में कार्य करेंगे।

09 अक्टूबर को श्रीगणेश पूजन के साथ 10 अक्टूबर 2026 से श्रीरामलीला मंचन समिति के कलाकारों द्वारा श्रीरामलीला मंचन प्रारम्भ होगा तथा 21 अक्टूबर 2026 को रावण का तथा पुतला दहन व 22 अक्टूबर 2026 को अपराहन 03:30 बजे शोभा यात्रा व रात्रि 08:00 बजे भरत मिलाप एवं श्रीराम राज्याभिषेक का मंचन किया जाएगा। 30 अक्टूबर को रात्रि 08:00 बजे अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन श्रीरामलीला मैदान में किया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाओं के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मैदान के बीच में 40 से 50 फिट चौड़े रास्ते दिए जा रहे है। दर्शकों को लिए पीने का पानी तथा शौचालयों का समुचित प्रबंध किया जा रहा है तथा पानी के टैंकरों के अतिरिक्त समिति की तरफ से निश्चित स्थानों पर निःशुल्क प्याऊ की व्यवस्था भी होगी। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए निर्माणी की सुरक्षा टीम के साथ-साथ पुलिस कैम्प होमगार्ड कैम्प तथा सीएमपी कैम्प लगाए जा रहे हैं साथ ही लोकल इन्टेलिजेंस की सहायता से संदिग्ध व्यक्तियों पर निगाह रखी जाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से मैदान के प्रमुख स्थानों पर क्लोज सर्किट कैमरे लगाए जा रहे हैं साथ ही साथ दुर्गा पूजा के समय भीड़ को देखते हुए ड्रोन कैमरों की भी व्यवस्था की जा रही है। जिनका नियंत्रण श्रीरामलीला कमेटी तथा पुलिस कैम्प से रहेगा। पूरे मेले पर नजर रखने के लिए काफी ऊंचाई पर वाच टावर लगाए जा रहे हैं तथा प्रकाश व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *