गांधी जयंती पर नगर पंचायत में ध्वजारोहण, गूंजे राष्ट्रपिता के संदेश
चेयरपर्सन प्रियंका सिंह चौहान ने फहराया तिरंगा, सभासदों व कर्मचारियों ने लिया स्वच्छता और सेवा का संकल्प
बदायूँ/उसावां। नगर पंचायत कार्यालय परिसर में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती धूमधाम एवं गरिमापूर्ण तरीके से मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत चेयरपर्सन प्रियंका सिंह चौहान ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन किया।
इस अवसर पर चेयरपर्सन ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा के विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधीजी के आदर्श आज भी समाज को सही दिशा देने का काम कर रहे हैं। नगर के विकास के साथ स्वच्छता और जनसेवा को प्राथमिकता देने की बात भी कही गई।
कार्यक्रम में चेयरपर्सन प्रतिनिधि अनिल सिंह चौहान सहित नगर पंचायत के सभासद, अधिकारी-कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने गांधीजी के आदर्शों पर चलने तथा नगर को स्वच्छ और बेहतर बनाने में सहयोग का संकल्प लिया।
























