सीडीओ ने विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण, बच्चों के साथ किया भोजन
बदायूं। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने सोमवार को विकासखंड जगत के प्राथमिक विद्यालय नरऊ बुजुर्ग एवं आंगनबाड़ी केंद्र नरऊ बुजुर्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से शिक्षा से संबंधित प्रश्न पूछे और उनके साथ भोजन भी किया।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक सहित समस्त स्टाफ उपस्थित मिला। सीडीओ ने बच्चों को दिए जा रहे मिड-डे-मील की गुणवत्ता की जांच की, जो संतोषजनक पाई गई। उन्होंने विद्यालय के रसोईघर का भी निरीक्षण किया, जहां साफ-सफाई की कमी और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताई।
मुख्य विकास अधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि विद्यालय के रसोईघर सहित पूरे परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाए और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।
इसके बाद सीडीओ ने आंगनबाड़ी केंद्र नरऊ बुजुर्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को केंद्र पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को ड्यूटी के दौरान निर्धारित यूनीफार्म में उपस्थित रहने के लिए निर्देशित किया।
सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए और कमियों को तत्काल दूर कर व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित किया जाए।

