मुख्यमंत्री निर्देश पर रसोइयों के मानदेय, कैशलेस चिकित्सा व बीमा में वृद्धि; बलिया में सम्मान समारोह आयोजित
संजीव सिंह बलिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेशानुसार रसोइयों के आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा के उपायों को लेकर आज जनपद बलिया के गंगा बहुद्देशीय सभागार में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। आयोजन के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री एवं नगर विधायक दयाशंकर सिंह थे, जबकि भारतीय जनता पार्टी के बलिया अध्यक्ष संजय मिश्रा और राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
समारोह में लगभग 800 रसोइयों को अंगवस्त्र, बढ़ी हुई मानदेय राशि का प्रतीकात्मक चेक और मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि जनपद में लगभग 6,300 रसोइयों के सामाजिक सुरक्षा तथा स्वास्थ्य की बेहतर व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद अर्पित करते हैं। उन्होंने रसोइयों के उच्च स्तर की देखभाल और उनके सम्मान को सुनिश्चित करने पर बल दिया।
बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि रसोइयों के मानदेय में प्रति माह ₹1,000 की वृद्धि कर उन्हें अब कुल ₹3,000 मानदेय निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही दुर्घटना बीम्मा के लिए भारतीय स्टेट बैंक द्वारा ₹2,00,000 तक का अनुबंध किया गया है तथा मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा कार्ड के तहत ₹5,00,000 तक का कवरेज सुनिश्चित किया गया है। रसोइयों के गणवेश (परिधान) के लिए वार्षिक सहायता अब ₹1,000 प्रति वर्ष निर्धारित की गई है, जो पहले ₹500 थी।
विशिष्ट अतिथि संजय मिश्रा ने कहा कि रसोइयों द्वारा प्राथमिक स्तर पर बच्चों को स्वच्छ और पोषक भोजन उपलब्ध कराने से स्वस्थ भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान हो रहा है। राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव ने मातृशक्ति और महिलाओं के योगदान की सराहना की। अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि राज्य सरकार रसोइयों के भविष्य और कल्याण के प्रति सजग है तथा समय-समय पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार ने इस योजना के दूरगामी सकारात्मक प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए रसोइयों द्वारा स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन देने के कार्य की प्रशंसा की। कार्यक्रम के संचालन का दायित्व डॉक्टर शशि भूषण मिश्रा ने संभाला।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारियों दुबहर व रेवती राकेश कुमार सिंह, हनुमानगंज के माधवेंद्र पांडे, गड़वार के विशाल यादव और नगर क्षेत्र के रमेश श्रीवास्तव सहित अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। जिला समन्वयक मध्यान भोजन योजना अजीत कुमार पाठक ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि जिला समन्वयक ओमप्रकाश सिंह एवं अमित सुमन ने व्यवस्थापकीय सहयोग दिया। एकेडमिक रिसोर्स पर्सन लालजी यादव, ब्रजेश बिहारी सिंह, शिक्षक प्रवीण पांडे तथा प्रधानाध्यापक, अध्यापकगण, शिक्षामित्र और अनुदेशक मौजूद रहे।
समारोह के अंत में अतिथियों ने रसोइयों के उज्जवल भविष्य के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम की सफल व्यवस्था के लिए सभी सहयोगियों का धन्यवाद व्यक्त किया गया
























