बदायूँ।समदनगर चौराहे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 चोरी की बाइक समेत तीन वाहन चोर गिरफ्तार

समदनगर चौराहे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 चोरी की बाइक समेत तीन वाहन चोर गिरफ्तार

बदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे वाहन चोरों के विरुद्ध अभियान के तहत थाना इस्लामनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे एवं निशानदेही पर 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार 9/10 जुलाई 2026 की रात समदनगर-अलीनगर चौराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान तीन युवक तीन मोटरसाइकिलों पर आते दिखाई दिए। पूछताछ में वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। कड़ाई से पूछताछ करने पर उनकी निशानदेही पर अल्लाहैपुर-इस्लामनगर मार्ग स्थित एक खंडहर गौशाला से सात अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। इस तरह कुल 10 चोरी की बाइक बरामद की गईं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फूल सिंह उर्फ मोनू निवासी स्यौहरा थाना जुनावई (संभल), मनवीर निवासी पानीवाला थाना रजपुरा (संभल) तथा आदित्य निवासी मऊकठेर थाना बहजोई (संभल) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना इस्लामनगर पर मुकदमा दर्ज  कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। बरामद मोटरसाइकिलों के वास्तविक मालिकों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी फूल सिंह उर्फ मोनू पर गौतमबुद्धनगर सहित विभिन्न थानों में वाहन चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। मनवीर के खिलाफ भी पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि आदित्य के विरुद्ध इस मामले में कार्रवाई की गई है।

इस पूरी कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह पंवार के नेतृत्व में थाना इस्लामनगर पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने इसे वाहन चोरी के खिलाफ अभियान की महत्वपूर्ण सफलता बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *