गैंगस्टर एक्ट के दो अभियुक्त गिरफ्तार, नगरा और रसड़ा में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश
संजीव सिंह, बलिया। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नगरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित दो अभियुक्तों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी रसड़ा रजनीश कुमार के मार्गदर्शन में थाना नगरा के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार थाना नगरा पर पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 128/2026, धारा 2/3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत नामजद अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ताबड़तोड़ दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पहली कार्रवाई में बलवन्त कुमार पुत्र हरेंद्र राम निवासी ग्राम चन्द्रवार दुगौली, थाना नगरा को उसके घर से देर रात करीब 12:50 बजे गिरफ्तार किया गया। इसके बाद दूसरी दबिश में बबलू राम पुत्र सिवलोचन निवासी ग्राम पचवारा, थाना रसड़ा को लगभग 1:20 बजे हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया गया तथा दोनों अभियुक्तों के परिजनों को मौके पर ही गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
























