गर्रा नदी के राजघाट पर स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान आयोजित
शाहजहांपुर। जिला गंगा समिति शाहजहांपुर के अंतर्गत डीपीओ डॉ. विनय कुमार सक्सेना के निर्देशन तथा वर्क संस्था के नेतृत्वकर्ता रेहान कुरैशी के संयोजन में प्रातःकाल गर्रा नदी स्थित राजघाट पर स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नदी एवं घाटों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ जनसामान्य को जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए घाट परिसर में श्रमदान किया और स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद के राजेश अवस्थी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि धार्मिक मूर्तियों एवं पूजन सामग्री को नदियों में प्रवाहित करने के बजाय उनका सम्मानपूर्वक उचित स्थान पर विसर्जन अथवा धरती माता की गोद में समर्पण किया जाना चाहिए, जिससे नदियों को प्रदूषण से बचाया जा सके।
वरिष्ठ समाजसेवी राजू बग्गा ने कहा कि नदियों एवं घाटों का संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपने व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाना होगा। लोक भारती के महानगर संयोजक आलोक मिश्रा ने स्वयं श्रमदान करते हुए उपस्थित लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा दूसरों को भी प्रेरित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम संयोजक रेहान कुरैशी ने कहा कि भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द के साथ मिलकर पर्यावरण एवं जल संरक्षण के कार्यों में सहभागिता निभानी होगी। गंगा प्रेमी हिमांशु सक्सेना ने कहा कि “जल ही जीवन है” और नदियाँ मीठे जल का प्रमुख स्रोत हैं। इन्हें प्रदूषण से बचाना प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। कार्यक्रम में WORK NGO, नगर निगम शाहजहांपुर, विश्व हिन्दू परिषद, लोक भारती, गंगा समग्र तथा मानवता वेलफेयर सोसाइटी सहित विभिन्न संगठनों का विशेष सहयोग रहा। विभिन्न समुदायों के सम्मानित समाजसेवियों ने एक साथ श्रमदान कर सामाजिक एकता एवं पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया। इस अवसर पर नितिन अग्रवाल, शिवम चौहान, उमैर, फैज़, रोहित, नवेद, शहज़ेब, अंकुर सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। “स्वच्छ नदी, सुरक्षित भविष्य” के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
























