रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह के भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे मंडलायुक्त बरेली
मुजीब खान
शाहजहांपुर : रिजर्व पुलिस लाइन में मुख्य अतिथि मण्डलायुक्त, बरेली मण्डल भूपेन्द्र एस. चौधरी, जिलाधिकारी शाहजहाँपुर पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर सौरभ दीक्षित एवं अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की उपस्थिति में रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह 2025-26′ का अत्यंत भव्य एवं अनुशासित आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर कठोर एवं सुदृढ़ प्रशिक्षण पूर्ण कर चुकी कुल 497 महिला रिक्रूट आरक्षियों ने उच्च स्तर के अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट समन्वय का परिचय देते हुए प्रभावशाली एवं आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया, जिसने उपस्थित जनसमूह को गौरवान्वित एवं प्रभावित किया। परेड का नेतृत्व प्रथम परेड कमाण्डर चेस्ट नं. 12 नेहा सिंह, द्वितीय परेड कमाण्डर चेस्ट नं. 91 तान्या तथा तृतीय परेड कमाण्डर चेस्ट नं. 412 अंजलि वर्मा द्वारा अत्यंत दक्षता एवं आत्मविश्वास के साथ किया गया।
समारोह का शुभारंभ प्रातः 08:00 बजे परेड कमांडर द्वारा परेड को निर्धारित स्थल पर लाने के साथ हुआ। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के आगमन पर उनका विधिवत अभिवादन किया गया। मुख्य अतिथि के आगमन के उपरांत उन्होंने परेड की सुसज्जित टोलियों का सूक्ष्म निरीक्षण कर सलामी ग्रहण की। परेड की सटीकता, अनुशासन एवं तालमेल ने कार्यक्रम को अत्यंत प्रभावशाली एवं दर्शनीय बना दिया। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित रिक्रूट आरक्षियों एवं अतिथियों ने गंभीरता एवं ध्यानपूर्वक सुना। अपने संदेश में मुख्यमंत्री द्वारा पुलिस बल को आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित होने, जनसंवेदन शीलता बनाए रखने तथा अपराध एवं अपराधियों के प्रति सख्त एवं प्रभावी कार्यवाही करने हेतु प्रेरित किया गया।
मुख्य अतिथि द्वारा अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में नवदीक्षित आरक्षियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया तथा प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल को व्यवहार में लाकर समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली रिक्रूट आरक्षियों को विभिन्न विषयों में सम्मानित किया गया। विषय वर्ग में तनु भदौरिया को पुलिस इतिहास, शिवानी को पुलिस विज्ञान (प्रथम), कु० रुमा को पुलिस विज्ञान (द्वितीय), नेहा सिंह को भारतीय संविधान एवं मानवाधिकार, शीतल चौहान को बीएनएस बीएनएसएस बीएसए आकांक्षा को विशेष अधिनियम, प्रियंका कुशवाहा को कम्प्यूटर साइंस एवं साइबर क्राइम तथा श्वेता को विधि विज्ञान में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु सम्मानित किया गया, जबकि आकांक्षा को समस्त अन्तः विषयों में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने पर विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। बाह्य विषय वर्ग में दीपिका दीक्षित को शारीरिक प्रशिक्षण, दक्षता प्रशिक्षण एवं शस्त्र प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु, शिवांजलि को दंगा प्रशिक्षण, फील्ड क्राफ्ट एवं टैक्टिक्स, भावना को भीड़ नियंत्रण एवं आतंकवाद निरोधक डकैती विरोधी/मॉक ड्रिल, प्रीति चौधरी को ड्रिल, श्रेष्ठा को आगजनी, अनुराधा सिंह को आपातकाल नियंत्रण तथा काजल भारती को विशेष तलाशी अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु सम्मानित किया गया। दीपिका दीक्षित को बाह्य विषयों में सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया। समग्र रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दीपिका दीक्षित को समस्त प्रशिक्षण में सर्वश्रेष्ठ घोषित कर विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिससे अन्य रिक्रूट आरक्षियों का उत्साह भी बढ़ा। समारोह के अंतिम चरण में पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर महोदय द्वारा सभी रिक्रूट आरक्षियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई, जिसमें उन्होंने संविधान के प्रति निष्ठा, देश की सेवा एवं जनसुरक्षा हेतु सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया। शपथ ग्रहण उपरांत परेड टोलियों ने पूर्ण गर्व एवं अनुशासन के साथ प्रस्थान किया। कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया गया। समारोह के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन में क्षेत्राधिकारी लाइन एवं प्रतिसार निरीक्षक की विशेष भूमिका रही। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी तिलहर, आरटीसी प्रभारी, पीटीआई, आईटीआई सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण, रिक्रूट आरक्षियों के परिजन तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। उनकी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा, प्रभाव एवं महत्व और अधिक बढ़ गया।
























