जौनपुर।एआई शोध में पीयू के छात्र को मिला अंतरराष्ट्रीय बेस्ट पेपर अवार्ड

एआई शोध में पीयू के छात्र को मिला अंतरराष्ट्रीय बेस्ट पेपर अवार्ड

जौनपुर।वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के लिए गर्व का क्षण है। विभाग के एमटेक छात्र मो. मुज्तबा अख्तर ने दुबई में आयोजित इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन इंफॉर्मेशन सिस्टम डिजाइन एंड इंटेलिजेंट एप्लीकेशन–2026 में अपने शोधपत्र का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण कर “बेस्ट पेपर अवार्ड” प्राप्त किया है।

यह शोधकार्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और प्राकृतिक भाषा संसाधन (NLP) के उन्नत प्रयोग पर आधारित है, जिसमें मैनिपुलेटेड (छेड़छाड़ की गई) स्पीच की पहचान करने के लिए अत्याधुनिक तकनीकों का विकास किया जा रहा है। यह शोध न केवल तकनीकी दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि डिजिटल सुरक्षा और सूचना की विश्वसनीयता के क्षेत्र में भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।

उक्त शोधकार्य कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष डॉ. विक्रांत भटेजा के कुशल निर्देशन में संपन्न हो रहा है, जिनके मार्गदर्शन में छात्र निरंतर नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर रहे हैं।

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने भी मुज्तबा अख्तर को सम्मानित करते हुए उनके शोधकार्य की सराहना की और इसे विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और शोध संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करती हैं।

मो. मुज्तबा अख्तर की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर इंजीनियरिंग संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. सौरभ पाल, आईक्यूएसी चेयरमैन प्रो. गिरिधर मिश्र, परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद सिंह एवं डॉ. विक्रांत भटेजा ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *