जौनपुर।बरसठी रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण: मूलभूत सुविधाओं के अभाव पर सांसद सख्त, 40 करोड़ की परियोजना से होगा कायाकल्प

बरसठी रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण: मूलभूत सुविधाओं के अभाव पर सांसद सख्त, 40 करोड़ की परियोजना से होगा कायाकल्प

बरसठी (जौनपुर)। विकास खंड बरसठी अंतर्गत स्थित बरसठी रेलवे स्टेशन के कायाकल्प को लेकर लोकसभा क्षेत्र मछलीशहर की  सांसद प्रिया सरोज ने गंभीरता दिखाई है। संसद भवन में प्रश्नकाल के दौरान मुद्दा उठाए जाने के क्रम में स्टेशन का स्थलीय औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि स्टेशन पर यात्रियों के लिए मूलभूत सुविधाएं अब तक उपलब्ध नहीं हैं। पीने के पानी के नल, स्वच्छ शौचालय एवं यात्री शेड जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं का अभाव देखने को मिला, जिससे आम यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

सांसद प्रिया सरोज ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रियों की सुविधा हेतु पेयजल, शौचालय और शेड की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि बरसठी रेलवे स्टेशन का निर्माण लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। निर्माण कार्य प्रगति पर है और आगामी 18 महीनों में इसके पूर्ण होकर क्षेत्रवासियों को समर्पित किए जाने की संभावना है।

निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद स्टेशन पर आधुनिक एवं समुचित सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के आवागमन और समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *