विवेचनाओं की गुणवत्ता एवं आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस अधीक्षक द्वारा समीक्षा बैठक आयोजित
शाहजहाँपुर। योगेंद्र यादव
जनपद के पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में, देवेन्द्र कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, एवं पंकज पंत, क्षेत्राधिकारी नगर की उपस्थिति में नगर सर्किल के समस्त थानों के विवेचकगण एवं क्राइम निरीक्षकों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक का आयोजन रिज़र्व पुलिस लाइन, शाहजहाँपुर में किया गया।
उक्त बैठक में लंबित एवं प्रचलित विवेचनाओं की गहन समीक्षा की गई। श्रीमान पुलिस अधीक्षक द्वारा विवेचकों को निर्देशित किया गया कि सभी विवेचनाएं निष्पक्ष, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपादित की जाएं, साक्ष्यों का विधिसम्मत संकलन सुनिश्चित हो तथा अनावश्यक विलंब न किया जाए। गंभीर अपराधों से संबंधित मामलों में विशेष सतर्कता बरतने एवं पीड़ित पक्ष को समय पर न्याय दिलाने हेतु प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए कानून-व्यवस्था, शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। संवेदनशील स्थलों की पहचान, प्रभावी पुलिस पेट्रोलिंग, जनसंवाद, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। किसी भी प्रकार की अफवाह या शांति भंग करने वाले प्रयासों पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा स्पष्ट किया गया कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया गया।
























