ग्राम औकां में अमर शहीदों का अपमान! स्मारक के बगल में बन रहा वॉटर टैंक, ग्रामीणों ने जताया विरोध
जौनपुर/बक्शा। विकास खण्ड बक्शा के ग्राम पंचायत औकां में अमर शहीद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की स्मृति में स्थापित सिलाफट के ठीक बगल में वॉटर टैंक का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्य शहीदों के सम्मान के साथ बड़ा खिलवाड़ है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने इस मामले में ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव श्री रविशंकर यादव को कई बार रोकने के लिए कहा, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने इसकी शिकायत एसडीएम बदलापुर को भी की।
सूचना मिलते ही एसडीएम बदलापुर ने मामले को गंभीर बताते हुए बीडीओ बक्शा को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द हस्तक्षेप कर सम्मानित स्थल पर हो रहे इस विवादित निर्माण को रोकेगा और उचित समाधान देगा।
ग्रामीणों का कहना है कि शहीदों के लिए बने स्मृति स्थल के आसपास सरकारी निर्माण करना असंवेदनशीलता और अनादर दर्शाता है, जिसे किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
























