जनपद के थाना कादरचौक पुलिस द्वारा लूट के वांछित अभियुक्त को पुलिस मुठभेड में किया गया गिरफ्तार।
अभियुक्त के कब्जे से लूट का माल (कुण्डल) एवं एक अवैध शस्त्र मय जिन्दा कारतूस व खोखा हुए बरामद।
बदायूँ।जनपद के थाना कादरचौक क्षेत्र में रविवार को एक मोटरसाइकिल सवार दम्पति के साथ लूट की घटना होने की सूचना प्राप्त हुई थी। पीड़ित अनिल कुमार पुत्र कल्लू राजपूत निवासी ग्राम सिवाया हामिदपुर थाना कादरचौक जनपद बदायूँ की तहरीर के आधार पर दो अज्ञात अभियुक्तगणों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया था। वहीं विवेचना के दौरान अभियुक्त सत्यपाल पुत्र नन्हू सिंह निवासी ग्राम अठर्रा कुनिया थाना अलापुर जनपद बदायूँ का नाम प्रकाश में आया था, जो वांछित चल रहा था जिसकी तलाश थाना कादरचौक पुलिस टीम द्वारा की जा रही थी। 
वहीं बीती रात्रि में प्रभारी निरीक्षक धनजंय सिंह थाना कादरचौक मय टीम के साथ मुकद्दमा में वांछित अभियुक्त की तलाश में मामूर थी। वहीं मुखबिर द्वारा उसैहत रोड पर ग्राम मामूरगंज के आगे 500 मी0 की दूरी पर आम के बाग में संदिग्ध व्यक्ति होने की सूचना प्राप्त हुई, पुलिस पार्टी द्वारा प्राप्त सूचना के आधार पर दबिश दी गई तो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा तथा पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नियत से फायर किया। पुलिस पार्टी द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ फायरिंग में अभियुक्त सत्यपाल पुत्र नन्हू सिंह निवासी ग्राम अठर्रा कुनिया थाना अलापुर जनपद बदायूँ दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
अभियुक्त के कब्जे से लूट किया हुआ एक कुण्डल व एक अवैध शस्त्र 315 बोर मय 03 जिन्दा कारतूस व 01 खोखा तथा 01 टार्च बरामद हुई। घायल अभियुक्त सत्यपाल उपरोक्त को प्राथमिक उपचार हेतु जिला अस्पताल बदायूँ भेजा गया है। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

