ताल पोखर जलाशयों के घाट की साफ सफाई कर छठ पर्व की तैयारी तेज
आचार्य ओमप्रकाश वर्मा
नगरा, बलिया। आगामी छठ महापर्व को देखते हुए नगर पंचायत नगरा ने नगर क्षेत्र के सरोवरों और पोखरों की साफ-सफाई गुरुवार को शुरू कर दी है। व्रती महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष तैयारियां की जा रहा है।
नगर पंचायतकाल वार्ड नंबर 14 स्थित ठाकुर जी के पोखरे पर सफाई अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। नगर पंचायत कर्मी जेसीबी सहित अन्य उपकरणों की मदद से पोखरे के आसपास उगी झाड़ियों और गंदगी को साफ करने में जुटे हैं। समाजसेवी धर्मेश कुमार यादव के देख रेख में सफाई अभियान चल रहा है।इस पोखरे पर कई वार्डों की सैकड़ों व्रती महिलाएं छठ पूजा करेंगी और भगवान सूर्य को अर्घ्य देंगी। नगरा में लगभग एक दर्जन स्थानों पर छठ महापर्व मनाया जाता है, जबकि कई श्रद्धालु घरों पर भी छोटे पोखरे बनाकर अर्घ्य देते हैं। इस संबंध में नगर पंचायत नगरा के अध्यक्ष प्रतिनिधि उमाशंकर राम ने बताया कि पोखरे की साफ-सफाई के लिए दर्जन भर नगर पंचायत कर्मी लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व तक पोखरे का सौंदर्याकरण कर दिया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं और व्रती महिलाओं को कोई परेशानी न हो। इसके अतिरिक्त, नगर क्षेत्र के उन सभी सरोवरों की भी साफ-सफाई की जाएगी जहां छठ महापर्व मनाया जाता है। प्रकाश और पानी की व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए हैं।

