
बदलापुर के अनिल सिंह को आम महोत्सव में मुख्यमंत्री योगी ने किया सम्मानित
जौनपुर के लिए गर्व का क्षण, आधुनिक बागवानी तकनीकों के लिए मिली सराहना
जौनपुर।लखनऊ में आयोजित आम महोत्सव के दौरान जौनपुर जनपद के बदलापुर क्षेत्र के आम उत्पादक अनिल कुमार सिंह को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें आम की बागवानी में उत्कृष्ट योगदान और नवाचार के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान मिलने पर अनिल सिंह ने इसे अपने और परिवार के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री जी से सम्मान प्राप्त करना मेरे वर्षों के परिश्रम और समर्पण को मान्यता मिलने जैसा है। यह सम्मान मेरी बागवानी यात्रा को और भी ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रेरणा देगा।”
अनिल सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय उद्यान विभाग को देते हुए कहा कि विभाग द्वारा समय-समय पर दिया गया तकनीकी मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और योजनागत सहायता उनके लिए बेहद उपयोगी रही। उन्होंने विशेष रूप से जिला उद्यान अधिकारी सीमा सिंह राणा का आभार व्यक्त किया।
जिला उद्यान अधिकारी सीमा सिंह राणा ने बताया कि अनिल सिंह कई वर्षों से आम की उन्नत किस्मों की खेती कर रहे हैं। उन्होंने आधुनिक तकनीकों और पर्यावरण-अनुकूल तरीकों को अपनाकर उच्च गुणवत्ता वाले आमों का सफल उत्पादन किया है। उनकी यह मेहनत न सिर्फ उनकी खुद की सफलता है, बल्कि अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणा बन गई है।
अनिल सिंह की सफलता ने जनपद जौनपुर को प्रदेश स्तर पर एक नई पहचान दिलाई है। यह सम्मान न केवल एक किसान की उपलब्धि है, बल्कि पूरे जनपद की औद्यानिक प्रगति और नवाचार की दिशा में बढ़ते कदमों का प्रतीक भी है।

